महंगाई के विरोध में प्रर्दशन करते सीपीआईएम जिला कमेटी चंबा के पदाधिकारी व सदस्य।
- फोटो : Chamba
चंबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी ने जिला मुख्यालय चंबा में महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन में शामिल विपिन शर्मा, क्यूम खान, बफ़ीर् राम, विपिन कुमार, प्रेम, प्रवीण कुमार, राशि, रिझू राम और केवल कृष्ण ने बताया कि पूरा देश महंगाई की मार से परेशान है। गरीब लोग महंगाई की वजह से अपने परिवार का पालन-पोषण नहीं कर पा रहे हैं। केंद्र सरकार की पूंजी परस्त नीतियों की वजह से महंगाई बढ़ी है। आम आदमी को जीवन यापन करना मुश्किल हो गया है।
बेरोजगारी ने पिछले 45 वर्षों का रिकार्ड तोड़ा है। सरकार पूंजीपतियों की दलाल बनकर काम कर रही है। आसमान छू रही खाद्य पदार्थों की कीमतों से देश में भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि महंगाई पर तुरंत रोक लगाए अन्यथा पार्टी को सरकार के खिलाफ देशभर में मोर्चा खोलना पड़ेगा। सरकार जल्द रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल और खाद्य पदार्थों की बढ़ी कीमतों को वापस ले।
आयकर देने की सीमा के नीचे सभी परिवारों को 7500 रुपये मासिक मदद छह महीने तक दी जाए। गरीब परिवारों को मुफ्त राशन के साथ तेल, दालें और अन्य जरूरत की खाद्य सामग्री प्रदान की जाए। इसके अतिरिक्त मनरेगा मजदूरों को 120 दिन का काम वर्ष में उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाए। साथ ही मजदूरी का भुगतान 300 रुपये दिहाड़ी के हिसाब से किया जाए।