चंबा-तीसा मार्ग पर निजी गाड़ी और एचआरटीसी बस में हुई भिडंत के बाद वाहन।
- फोटो : Chamba
चंबा। चंबा-तीसा मार्ग पर कियाणी के समीप एक कार और एचआरटीसी बस में टक्कर हो गई। हादसा मंगलवार को दोपहर करीब 12 बजे हुआ। हादसे में कार चालक को चोटें आई हैं। घायल को तुरंत उपचार के लिए चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक घर भेज दिया गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों में समझौता होने के चलते पुलिस में किसी तरह का मुकद्दमा दर्ज नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार कार चंबा की तरफ आ रही थी, जबकि एचआरटीसी बस चंबा से सनवाल जा रही थी। कियाणी से कुछ ही दूरी पर बस और कार में जोरदार टक्कर हो गई, जिससे कारण चालक को चोटें आईं। साथ ही कार को भी काफी नुकसान पहुंचा। हादसे के समय मौके पर काफी संख्या में लोग पहुंच गए।
वहीं, दूसरी तरफ कार और बस की टक्कर होने से मार्ग पर लंबा जाम लग गया। सैकड़ों वाहन मार्ग पर ही फंस गए। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने जाम को खुलवाया। उसके बाद मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।