Electricity bill will have to be deposited online
सलूणी (चंबा)। विद्युत उपमंडल सलूणी के उपभोक्ताओं को बिजली बिलों की अदायगी ऑनलाइन ही करनी पड़ेगी। किसी प्रकार की समस्या होने पर उपभोक्ता उपमंडल कार्यालय सलूणी स्थित कैश काउंटर पर पहुंचकर अपने बिजली बिलों की अदायगी कर सकेंगे। बहरहाल, बोर्ड प्रबंधन की ओर से कैैश काउंटर बंद होने के बारे में बिजली बिल काटने के लिए घरों में पहुंचने वाले कर्मी भी अवगत करवाएंगे।
विद्युत बोर्ड की ओर से बिजली बिल जमा करवाने के लिए विभिन्न ऑनलाइन सुविधाएं उपभोक्ताओं को प्रदान की गई हैं। लिहाजा, बोर्ड प्रबंधन ने बिजली बिल की रसीद बुक छापना बंद कर दिया है। ऐसे में अब उपमंडल सलूणी के तहत उपभोक्ताओं को जनवरी माह के बिजली बिल ऑनलाइन ही जमा करवाने होंगे। विद्युत उपमंडल सलूणी की ओर से बिजली बिल जमा करवाने के लिए सुखधार, हिमगिरी, डियूर, हियान संघणी, भांदल, किहार, मैडा, डांड, सुरंगाणी, मंजीर, सुंदला और बंजाल में खोले गए कैश काउंटर बंद कर दिए हैं।
विद्युत बोर्ड सब डिविजन सलूणी के सहायक अभियंता अनिल कुमार ने बताया कि ऑनलाइन बोर्ड प्रबंधन होने से सब डिविजन के तहत लगाए गए सभी कैश काउंटर बंद कर दिए गए हैं। कहा कि उपभोक्ता गूगल पे, पे-टीएम, एचपीएसईबीएल एप, एसबीआई एप और अन्य एप के जरिये नजदीकी डाकघर या फिर लोकमित्र केंद्र में बिजली बिल जमा करवा सकते हैं। इसके अलावा किसी उपभोक्ता को बिजली बिलों को जमा करवाने में परेशानी हो रही हो तो वे उपमंडल सलूणी के हेडक्वार्टर काउंटर पर सुबह दस से दोपहर तीन बजे तक अपने बिजली बिल जमा करवा सकते हैं।