चंबा। हिमाचल प्रदेश संयुक्त कर्मचारी महासंघ का जिला मुख्यालय चंबा में महासम्मेलन आयोजित किया गया। उसके बाद शहर में कर्मचारियों ने महासंघ के बैनर तले विरोध रैली निकाली। विरोध रैली मिलन पैलेस से शुरू होकर पूरे शहर का चक्कर लगाने के बाद डीसी कार्यालय पहुंची। इस दौरान महासंघ पदाधिकारियों ने डीसी के माध्यम से मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन के जरिये कर्मचारियों ने 4-9-14 का लाभ पंजाब वेतन आयोग के अनुसार प्रदान करने, दो वर्ष का सर्विस राइडर खत्म कर इनीशियल स्टार्ट से वेतन फिक्स करने की मांग उठाई। इससे पहले हिमाचल प्रदेश संयुक्त कर्मचारी महासंघ की जिला चंबा कार्यकारिणी का चयन किया गया। इसमें अनिल शर्मा को जिलाध्यक्ष चुना गया।
मुकेश शर्मा को महासचिव, कविता बिजलवान को मुख्य सलाहकार, हरि प्रसाद शिक्षा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विकास कुमार को उपाध्यक्ष, संजीत राजस्व को सह सचिव, अनुपम शर्मा मुख्य संगठन सचिव, मुनीष कुमार को संगठन सचिव, चमन सिंह को वित्त सचिव, जबकि पंकज कुमार को प्रेस सचिव का दायित्व दिया गया। इस दौरान जिला कार्यकारिणी के विस्तार के लिए प्रधान और महासचिव को अधिकृत किया गया। कर्मचारियों ने एक स्वर में प्रस्ताव पारित किया कि हिमाचल सरकार पंजाब के वेतन आयोग को शत प्रतिशत मूल रूप से हिमाचल में लागू करे।
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र चौहान और महासचिव हीरालाल वर्मा ने बताया कि 15 प्रतिशत वाला विकल्प केवल 2000 के बाद लगे 5910 के पे बैंड वाले कर्मचारी ही ऑप्ट कर पाएंगे। महासंघ ने सरकार से मांग की है कि रिकवरी के बारे में सरकार स्थिति स्पष्ट करे।
महासम्मेलन में महासचिव हीरालाल वर्मा, मुख्य संगठन सचिव कुलदीप खरवाड़ा, वित्त सचिव खेमेंद्र गुप्ता, उपाध्यक्ष अरविंद मेहता, संगठन सचिव शमशेर सिंह ठाकुर, सुनील चौहान आदि शामिल रहे।