चौगान तक निकाली रोष रैली, आपदा में कीं घोषणाओं में कितनी जमीन पर उतरीं : जय सिंह
मेडिकल कॉलेज चंबा की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
पुलिस की मुस्तैदी से प्रदर्शनकारी नहीं दिखा सके काले झंडे
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय विकास, राजस्व, बागवानी एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी के चंबा, होली और भरमौर दौरे के बीच भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने मंत्री को काले झंडे दिखाने का प्रयास किया और चौगान तक रोष रैली निकाली। पुलिस की मुस्तैदी के चलते वे काले झंडे नहीं दिखा सके। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
जय सिंह ने मंत्री के दौरे को लेकर आपदा के दौरान चंबा में की गई घोषणाओं का हिसाब मांगा। उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान मंत्री ने चंबा में कई घोषणाएं की थीं और उस समय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया था। अब दोबारा चंबा दौरे पर जनता जानना चाहती है कि इनमें से कितनी घोषणाएं धरातल पर पूरी हुई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मंत्री और विधायक चंबा में दौरे और औपचारिकताओं तक सीमित हैं। मंत्री के स्वागत में आयोजित धाम का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि मंत्री को चंबा का खट्टा पसंद है, लेकिन जनता की समस्याओं का समाधान कब होगा, इसका जवाब भी मिलना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान मेडिकल कॉलेज चंबा में हुई मौतों से जुड़ी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग भी उठाई गई। जय सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के आदेश पर गठित जांच कमेटी अपनी जांच पूरी कर चुकी है, लेकिन रिपोर्ट अब तक सार्वजनिक नहीं हुई है। उन्होंने सरकार पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट सार्वजनिक करने और जिम्मेदारी तय होने पर कार्रवाई की मांग की।