चंबा के हटली में नवनिर्मित विभिन्न विभागीय भवनों का लोकार्पण करते विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह
सिहुंता (चंबा)। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने ग्राम पंचायत हटली में 54 लाख रुपये की धनराशि से नवनिर्मित पांच विभिन्न विभागों के भवनों का लोकार्पण किया। इनमें सामुदायिक भवन बल्ला, आंगनबाड़ी केंद्र हटली और चंगरेटा के भवनों, पंचायत भवन और पटवार वृत भवन शामिल है।
इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का भटियात विधानसभा क्षेत्र के तीन राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध करने को लेकर आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बहाव सिंचाई योजना हटली के निर्माण कार्य के लिए 3.50 करोड़ और आपदा से प्रभावित बग्गी-चडियारा पेयजल योजना के उन्नयन कार्य के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएंगे।
कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हटली क्षेत्र चंबा का प्रवेश द्वार है स्थानीय लोगों को सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता को सुनिश्चित बनाया जा रहा है। इससे पहले स्थानीय पंचायत प्रधान शिव कुमार और उप प्रधान रीता रानी सहित पंचायत सदस्यों और स्थानीय लोगों ने विधानसभा अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया।