मेडिकल कॉलेज चंबा में एंटी रैगिंग समिति की समीक्षा बैठक के दौरान मौजूद कर्मचारी।
- फोटो : Chamba
चंबा। पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के सभागार कक्ष में एंटी रैगिंग समिति की समीक्षा बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रधानाचार्य डॉ. रमेश भारती ने की। उन्होंने कहा कि कॉलेज एवं छात्रावासों में रैगिंग पर प्रभावी रोकथाम के लिए माननीय न्यायालय एवं यूजीसी मापदंडों के अनुसार चाक चौबंद व्यवस्थाएं की गई हैं। महाविद्यालय स्तर पर एंटी रैगिंग स्क्वायड गठित किए गए हैं। कैंपस और हॉस्टलों में सीसीटीवी कैमरे और विभिन्न स्थानों पर एंटी रैगिंग पोस्टर्स लगाए गए हैं।
उन्होंने कहा कि अगला सत्र जल्द शुरू होने वाला है। इसके लिए उन्होंने एंटी स्क्वायड टीम को औचक निरीक्षण करने के लिए निर्देशित भी किया। इसके अलावा उन्होंने पुलिस से गश्त बढ़ाने के लिए भी आग्रह किया। इससे प्रशिक्षुओं को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। प्रशिक्षुओं और कॉलेज के समस्त स्टाफ के अलावा पीजी के मालिकों से भी अंडरटेकिंग ली जाएगी। इससे उनकी जिम्मेदारी भी तय की जा सकेगी। रैगिंग को रोकने के लिए सूचना पट्ट पर एंटी रैगिंग कमेटी और स्क्वायड के सभी सदस्यों के दूरभाष नंबरों को प्रदर्शित कर दिया गया है।
अगर कॉलेज में प्रशिक्षण ग्रहण कर रहे किसी भी प्रशिक्षु को रैगिंग संबंधी कोई समस्या आती है तो वे सदस्यों के साथ आसानी से साझा कर सकते हैं। एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्य एवं अध्यक्ष नगर परिषद नीलम नैयर ने बैठक में अपने सुझाव दिए। बैठक में एंटी रैगिंग कमेटी के सदस्य बीके पराशर ने भी महत्वपूर्ण सुझाव दिए। प्राचार्य ने बताया कि शुरू होने वाले नए बैच के लिए स्लोगन और पोस्टरों के माध्यम से एंटी रैगिंग के प्रति प्रशिक्षुओं को जागरूक किया जाएगा। बैठक में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार, सदस्य सचिव डॉ. विनोद कुमार भारद्वाज, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि सहित एंटी रैगिंग समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।