71 new cases of corona in the district
चंबा। चार वर्षीय मासूम सहित जिले में 71 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके अलावा 83 लोगों ने कोरोना को मात भी दी है। जिले में अब कोरोना के 255 सक्रिय मरीज हैं। शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर से आठ सौ लोगों के सैंपल लिए, जिनकी एंटीजन रैपिड किट और आरटीपीसीआर के जरिये कोरोना जांच की गई। इसमें 71 लोगों की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित पाई गई। इन लोगों को विभाग ने होम आइसोलेट कर दिया है, जहां पर उनके उपचार की व्यवस्था की गई है। संक्रमित लोग चंबा शहर, समोट, खैरी, टिकरी, सुंडला, भंडार, बनीखेत, मौड़ा, सुरंगानी, भरमौर सहित अन्य क्षेत्रों से संबंधित हैं।
अब स्वास्थ्य विभाग इन लोगों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार कर रहा है। शनिवार को उनकी भी कोरोना जांच की जाएगी। इससे कोरोना की कड़ी को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि जिले में कोरोना के सक्रिय मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। राहत की बात यह है कि कोरोना मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि वे घरों से बाहर निकलते समय कोविड नियमों की पूरी तरह से पालना करें।