तीसा (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुगली में चार दिवसीय अंडर-19 पुरुष वर्ग जोनल खेलकूद प्रतियोगिता में तीसा ओवरआल विजेता बना। शुक्रवार को प्रतियोगिता का समापन हुआ। इसमें विस उपाध्यक्ष हंसराज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता रहे प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानि किया। कबड्डी में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कल्हेल उपविजेता रहा।
खो-खो में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैरागढ़ विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला थल्ली उपविजेता रहा। बैडमिंटन में राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बैरागढ़ विजेता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोहाल उपविजेता बना। वालीबॉल में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुगली विजेता जबकि राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तीसा उपविजेता रहा। शतरंज प्रतियोगिता में फरेंद्र कुमार प्रथम, मोहित द्वितीय और वरुण शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
विस उपाध्यक्ष ने प्रोत्साहन के तौर पर 51 हजार रुपये देने का एलान किया। कहा कि डुगली स्कूल परिसर में जल समस्या के समाधान के लिए हैंडपंप लगाया जाएगा। इससे पहले उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुगली में 10 लाख से निर्मित तीन अतिरिक्त कमरों का लोकार्पण भी किया। कहा कि मुख्य सड़क से मड़ौती तक संपर्क सड़क को पक्का कर क्षेत्र के लोगों को जल्द बस सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।