Accused caught with charas, bear skin recovered from house
खज्जियार (चंबा)। वन्य प्राणी क्षेत्र खज्जियार के भथली गांव में पुलिस ने चरस के आरोपी के घर से भालू की खाल बरामद की है। इसको लेकर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दो मामलों में केस दर्ज किया है। चरस और भालू की खाल को पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी अब तक कितने जंगली जानवरों का शिकार कर चुका है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक वीरवार रात को कांगड़ा के एसएनसीसी उड़नदस्ते के एएसआई करतार सिंह की अगुवाई में मुख्य आरक्षी मोहम्मद असलम, विक्रांत, एचएचसी मनोहर और एचसी संजय ने खज्जियार के देवदार होटल के पास नाका लगा रखा था।
उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि प्रसाद कुमार उर्फ बाला निवासी गांव भथली वहां पर्यटकों को चरस बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने उसे पकड़ा और उसके बैग की तलाशी की। तलाशी करने पर उसके कब्जे से पुलिस को 170 ग्राम चरस और तीन हजार रुपये की नकदी मिली। इसके बारे में एएसआई करतार सिंह ने पुलिस थाना चंबा को सूचित किया। उसके बाद एएसआई अखिलेश सिंह की अगुवाई में पुलिस ने आरोपी के घर छापा मारा। इस दौरान आरोपी के घर से पुलिस को भालू की खाल बरामद हुई। पुलिस ने खाल को भी अपने कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ वन्य प्राणी सुरक्षा एक्ट के तहत पुलिस थाना में मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने गांव में चरस के आरोपी के घर से भालू की खाल बरामद की है। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से चरस के अलावा जंगली जानवरों के अवैध शिकार को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।