होली-न्याग्रां सड़क मार्ग के साथ पेड से बांधी गई बिजली की तारें।
- फोटो : Chamba
होली (चंबा)। ग्राम पंचायत कुलेठ के गांव बंहतु में हरे-भरे वान के पेड़ों के साथ 11 केवी के तारों को बांध दिया है। इससे हर पल दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। हैरानी की बात है कि पेड़ों से बिजली के तारों को हटाने की किसी ने भी जहमत नहीं उठाई है। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों में रोष है।
गौरतलब है कि कबायली क्षेत्र होली में बिजली के तारों को बिछाने में लापरवाही बरती गई है। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण बंहतु गांव में देखने को मिल रहा है। यहां वान के पेड़ों पर बिजली के तारों को बांध कर आगे गुजारा गया है। ऐसे में ग्रामीणों को घास कटाई करने में भी मुश्किल हो रही है। वहीं, लोगों को भी पेड़ के नीचे से होकर गुजरने में डर लग रहा है।
ग्रामीणों संजय कुमार, अजय कुमार, जयकरण, रवि कुमार, कविराज आदि का कहना है कि बिजली के तारों को बिजली परियोजना प्रबंधन की ओर से पेड़ों से बांधकर आगे ले जाया गया है, जिससे यहां हर समय हादसे का खतरा है। इसके बारे में बोर्ड के अधिकारियों को भी कई बार शिकायत की जा चुकी है लेकिन, अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है।
लोगों ने कहा कि जल्द समस्या हल न हुई तो वे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत करेंगे।
विद्युत बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता दिनेश ठाकुर ने कहा कि ये लाइन बिजली बोर्ड की नहीं हैं। जिस कंपनी प्रबंधन ने पेड़ों के साथ बांध कर लाइन गुजारी है, उसका पता लगाया जाएगा। नायब तहसीलदार होली टीआर ठाकुर ने कहा कि मामला ध्यान में लाया गया है। मामले की जांच करवाई जाएगी।