बरठीं (बिलासपुर)। झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंडीर में आयोजित जनमंच कार्यक्रम में ग्रामीणों ने सड़कों से जुड़ीं शिकायतें और मांगें प्रमुखता से उठाए। जनमंच में प्राप्त हुईं 50 शिकायतों में से 35 शिकायतें सड़कों से ही जुड़ीं थीं।
33 जन शिकायतों का निपटारा मौके पर ही किया गया। प्राप्त नौ मांगों को निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परिसर में आयोजित जनमंच की अध्यक्षता विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंसराज ने की। झंडूता के विधायक जेआर कटवाल भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
जनमंच में जन सुविधाओं पर शिकायतें और मांगें लेकर आए ग्रामीणों की बात डॉ. हंसराज ने सिलसिलेवार सुनीं। उन्होंने मौके पर ही अधिकांश शिकायतों का निपटारा विभागीय अधिकारियों को सीधे निर्देश देकर किया। उन्होंने कहा कि जनमंच जनता और सरकार के बीच जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण का सीधा और सरल माध्यम है। प्रशासनिक और विभागीय अधिकारी इसकी उपयोगिता और सार्थकता बनाए रखने के लिए सजग और सक्रिय रहें।
इससे पहले डॉ. हंसराज ने जनमंच कार्यक्रम में विकास और जनकल्याण गतिविधियों पर लगी विभागीय प्रदर्शनी का शुभारंभ कर स्टॉलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने जिले में साढ़े चार वर्षों की प्रगति की जानकारी भी हासिल की। उन्होंने एक बूटा बेटी के नाम कार्यक्रम के तहत आंवला का पौधा भी रोपित किया। इस मौके पर विधायक जीत राम कटवाल ने झंडूता में की विकास की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कोटधार और आसपास क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्या के व्यापक समाधान के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल योजना का कार्य अंतिम चरण में है। घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क के सुधारीकरण पर लगभग 190 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय होगी। इसका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा।
जनमंच में उपायुक्त बिलासपुर पंकज राय, पुलिस अधीक्षक एसआर राणा, एसडीएम झंडूता नरेश वर्मा, सहायक आयुक्त योगराज धीमान, बीडीसी अध्यक्ष अभिषेक चंदेल, जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अन्य गण्यमान्य लोग मौजूद रहे।
...
321 लोगों की हुई स्वास्थ्य जांच
- जनमंच कार्यक्रम में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच के लिए विशेष शिविर का आयोजन भी किया गया। चिकित्सकों ने 321 लोगों का स्वास्थ्य जांचा। एलोपैथी में 110 लोगों, आयुष में 130 और होम्योपैथी मेें 81 लोगों की स्वास्थ्य जांच चिकित्सकों ने की। कोविड टीकाकरण भी किया गया।
...
प्रमाणपत्र बनाने की सुविधा भी मिली
- जनमंच के दौरान विभिन्न श्रेणी के प्रमाणपत्र बनाने की सुविधा भी ग्रामीणों के लिए उपलब्ध रही। चार दिव्यांगता प्रमाणपत्र, पांच बीपीएल प्रमाणपत्र, राजस्व विभाग से संबंधित 15 इंतकाल, 12 शपथ पत्र, सात वसीयतनामा, पारिवारिक व्यवस्था एक, समर्पण पत्र चार तथा 28 विभिन्न राजस्व प्रमाणपत्र भी जारी किए गए।