फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: नशे के कारोबार और चोरियों से ग्रामीणों में रोष, एसपी को सौंपा ज्ञापन

Fri, 19 Jun 2026 11:37 PM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बिलासपुर
विज्ञापन
बिलासपुर में एसपी को ज्ञापन देने पहुंचे पनोह, स्नोर, बल्ह और फटोह के ग्रामीण। स्रोत: ग्रामीण
विज्ञापन
पनोह, स्नोर और बल्ह फटोह के महिला मंडलों व ग्रामीणों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
विज्ञापन

बाहरी लोगों की आवाजाही और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर जताई चिंता

संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी (बिलासपुर)। उपमंडल घुमारवीं के तहत पनोह, स्नोर, बल्ह और फटोह गांवों में कथित रूप से बढ़ रहे चिट्टे के कारोबार, बाहरी लोगों की संदिग्ध आवाजाही और लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। शुक्रवार को तीनों गांवों के महिला मंडलों और ग्रामीणों ने बिलासपुर पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र का एक परिवार लंबे समय से चिट्टा बेचने के अवैध कारोबार में संलिप्त है। कई बार समझाने और विरोध करने के बावजूद यह गतिविधियां बंद नहीं हुई हैं। उनका कहना है कि परिवार के सदस्य रातभर हुड़दंग मचाते हैं और लगातार बाहरी लोगों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे गांव का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में चोरी की घटनाएं भी लगातार बढ़ रही हैं। इससे लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। पहले शांत माने जाने वाले गांवों में अब असामाजिक गतिविधियों के बढ़ने से लोग अपने घरों और संपत्ति की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। महिला मंडलों की सदस्याओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि जब ग्रामीण संबंधित युवक को नशे का कारोबार छोड़ने के लिए समझाते हैं तो परिवार की महिलाएं विवाद पर उतर आती हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां भी दी जाती हैं, जिसके कारण लोग खुलकर विरोध करने से कतराते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रामीणों ने दावा किया कि संबंधित युवक के खिलाफ पहले भी मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन उसकी गतिविधियों में कोई कमी नहीं आई। उनका कहना है कि नशे के कारोबार का विरोध करने वाले लोगों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है, जिससे क्षेत्र में रोष बढ़ता जा रहा है। महिला मंडलों की प्रतिनिधियों ने कहा कि बाहरी लोगों की बढ़ती आवाजाही से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंता भी बढ़ गई है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच करने, रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और गंभीर हो सकती है। ग्रामीणों और महिला मंडलों ने कहा कि नशे की वजह से युवा पीढ़ी बर्बादी की ओर बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से क्षेत्र में शांति और सुरक्षित माहौल बहाल करने के लिए प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें