संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट(बिलासपुर)। पंजपीरी-बाघछाल संपर्क मार्ग पर समलेटू में फोरलेन निर्माण कार्य में लगी कंपनी का एक कंकरीट मिक्सर मिलर वाहन सड़क से अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा लुढ़का। घटना में वाहन चालक की मौत हो गई है।
स्वारघाट प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में ताला लटका होने के कारण चालक को समय से प्राथमिक इलाज नहीं मिला। नालागढ़ फर्स्ट रेफरल यूनिट (एफआरयू) ले जाते समय चालक की मौत हो गई। पुलिस ने स्वारघाट थाना में केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना रविवार देर रात की है। कंपनी का कंकरीट मिक्सर मिलर वाहन चालक निर्माण सामग्री लेने के लिए थापना से जकातखाना की तरफ जा रहा था। समलेटू के समीप पहुंचते ही तीखे मोड़ पर अनियंत्रित होकर वाहन सड़क से लुढ़क गया।
बताया जा रहा हळै कि स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर गंभीर रूप से घायल चालक को पीएचसी स्वारघाट पहुंचाया, लेकिन यहां पर ताले लटके होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार नहीं मिल पाया। घायल चालक को 108 एंबुलेंस के माध्यम से एफआरयू नालागढ़ ले जाने लगे तो स्वारघाट चौक पर 108 कर्मचारियों ने बताया कि घायल चालक की मौत हो चुकी है।
पुलिस थाना स्वारघाट प्रभारी बलवीर सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ अस्पताल भेजा गया है। मृतक चालक की पहचान रामेश्वर जाट पुत्र उदय राम जाट के रूप में हुई है।
इस बीच, मौके पर खड़ा फोरलेन सड़क निर्माण कंपनी का एक अन्य कामगार अव्यवस्था पर गुस्से में आ गया। आरोप है कि कामगार ने तैश में आकर कंपनी की कैंपर गाड़ी स्टार्ट की और मौके पर खड़ी एंबुलेंस और एंबुलेंस के कर्मियों को टक्कर मारने की कोशिश की।
गनीमत रही कि उसकी गाड़ी के आगे एक अन्य वाहन खड़ा था, जिसके कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी कामगार के खिलाफ पुलिस थाना स्वारघाट में शिकायत दर्ज करवाई है।