स्वरघाट के पास गरामौडा में पलटा सीमेंट से भरा ट्रक।
- फोटो : BILASPUR
स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट पुलिस थाना के तहत गरामोड़ा में सीमेंट से भरा ट्रक खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक घायल हुए हैं। मामले में आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार बुधवार रात को चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गरामौड़ा के समीप बिलासपुर से कीरतपुर की तरफ सीमेंट लेकर जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर करीब तीन सौ फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में ट्रक चालक और परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस से एफआरयू नालागढ़ ले जाया गया है।
हादसा इतना भयानक था कि ट्रक के परखचे उड़ गए। ट्रक सड़क पर कई पैराफिट से टकराता हुआ सड़क से लुढ़का है। ट्रक से आधा सीमेंट सड़क के साथ ही गिर गया है, जबकि ट्रक के पास खाई में कुछेक बोरियां ही पहुंची हैं। अंदेशा है कि ट्रक की ब्रेक फेल हो गई होगी। हालांकि अभी तक घटना के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। स्वारघाट पुलिस हादसे की छानबीन में जुट गई है। घायलों की पहचान चालक मनोहर लाल (51) और परिचालक साहिल (21) निवासी गांव मरहाणा डाकघर लदरौर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी स्वारघाट बलबीर सिंह ने की है।