श्री नयना देवी जी में नवरात्रों के दौरान दर्शनों के लिए खड़े श्रद्घालु।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। उत्तरी भारत के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल श्री नयना देवी जी में चैत्र नवरात्र धूमधाम से मनाए जा रहे हैं। नवरात्र में अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु मां नयनादेवी जी के दर्शन कर चुके हैं। पांचवें नवरात्र पर करीब 9 हजार श्रद्धालुओं ने मां नयनादेवी जी के दर्शन किए। मेला अधिकारी राजकुमार ठाकुर ने बताया कि बिजली, पानी और सफाई का बेहतरीन प्रबंध किया गया है। श्रद्धालुओं को लंगर में भी अच्छे ढंग से खाना परोसा जा रहा है।
मंदिर में ज्यादा भीड़ न बनी रहे, इसके लिए सुरक्षा प्रहरियों को निर्देश दे दिए गए हैं कि भीड़ बढ़ने पर 200-200 श्रद्धालुओं का जत्था बनाकर ही माता के मंदिर में भेजें। कहा कि पांचवें नवरात्र पर मंदिर न्यास को 12 लाख 22 हजार 954 रुपये नकद, 10 ग्राम सोना, 1 किलो 423 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई। विदेशी मुद्रा में 165 यूएसए डॉलर, कनाडा के 20 डॉलर और 10 यूरो चढ़ावे के रूप में न्यास को प्राप्त हुए हैं। अब तक न्यास को पांच नवरात्रों में कुल 61 लाख 19 हजार 110 रुपये नकद, 98 ग्राम सोना और 9 किलो 108 ग्राम चांदी चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुई है।