-बस्सी में पांच हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा था पटवारी
विज्ञापन
-राज्य भ्रष्टाचार रोधी एवं सतर्कता विभाग ने की है कारवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। श्री नयना देवी जी क्षेत्र के बस्सी पटवारखाना में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े पटवारी और सहायक चौकीदार को न्यायालय ने तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। राज्य भ्रष्टाचार रोधी एवं सतर्कता विभाग ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर बस्सी में कार्रवाई की थी। राज्य भ्रष्टाचार रोधी एवं सतर्कता विभाग ने आरोपी पटवारी हिमांशु कुमार निवासी गांव बैहल-कंडेला, डाकघर बामटा, तहसील सदर और सहायक चौकीदार नंदलाल निवासी गांव धरोट, डाकघर लखनू, तहसील श्री नयना देवी जी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
बता दें कि मंगलवार को विभाग ने पटवार सर्किल दबट मजारी के पटवार खाना बस्सी में कार्रवाई की थी। विभाग को जानकारी मिली थी कि पटवारी ने मजारी के एक व्यक्ति से इंतकाल चढ़ाने के लिए रिश्वत की मांग की है। उसके बाद विभाग ने मौके पर पांच हजार की रिश्वत के साथ रंगे हाथ पटवारी और सहायक चौकीदार को गिरफ्तार किया। एएसपी विजिलेंस अजय राणा ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन का रिमांड मिला है। आरोपियों को शुक्रवार को फिर से न्यायालय में पेश किया जाएगा।