ग्राम पंचायत भगेड़ में आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविर के दौरान उपस्थित ग्रामीण।
- फोटो : BILASPUR
भगेड़ (बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक भगेड़ में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन कर ग्रामीणों को वित्तीय प्रबंधन के प्रति जागरूक किया। शिविर को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक विक्रांत शर्मा ने अपील की कि किसान किसान क्रेडिट कार्ड योजना व पशु पालन क्रेडिट कार्ड योजना का लाभ उठाने के लिए किसान आगे आएं।
उन्होंने कहा कि मातृ शक्ति आर्थिक तौर मजबूती के लिए अपना रास्त खुद तय करें। महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर अपना बैंक खुद चलाएं। बैंक से ऋण लेकर स्वरोजगार शुरू करें। उन्होंने बैंक में बचत खाता खोलने के लिए ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया। उपस्थित जनसमूह को एटीएम, गूगल पे, भीम ऐप, फोन पे, हिम पैसा आदि डिजिटल माध्यमों से लेनदेन करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से लेनदेन करते समय सावधानी बरतें, अपना एटीएम का नंबर, पिन नंबर, आधार कार्ड नंबर, ओटीपी, सीवीवी नंबर किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
विक्रांत शर्मा ने शिक्षा ऋण, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना समेत बैंक की विभिन्न ऋण योजनाओं का लाभ अपनी आवश्यकता अनुसार, होशियारी, समझदारी व जिम्मेदारी से उठाने का आह्वान किया। शिविर में स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं के साथ स्थानीय शाखा से रजनीश कुमार, संदीप कुमार ने भाग लिया।