- चांदपुर स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चांदपुर में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सदर थाना प्रभारी रूपलाल कथानिया ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की। साथ ही उनकी टीम विशेष रूप से उपस्थित रही।
उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ती नशे की लत चिंता का विषय है। युवा नशे के शिकार होकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। जागरूकता से ही समाज को नशामुक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे को समाज से उखाड़ने के लिए आगे आने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। उन्होंने कहा कि समाज में अधिकांश अपराध नशे के कारण हो रहे हैं। पहले युवा शौक के कारण नशा करता हैं। बाद में लत पड़ने पर उसका जीवन बर्बाद हो जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 84 लाख योनियों का भुगतान करने के बाद यह मानुष देह मिलती है। इसलिए इस शरीर को और समाज को नशे से बचाना जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया। इस अवसर पर थाना प्रभारी के साथ उनकी टीम के सदस्य, स्थानीय विद्यालय की प्रधानाचार्य सुषमा नड्डा और अन्य समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।