सिद्ध बाबा गोदड़ीया फेटी धार कथा में मौजूद श्रद्धालु। संवाद
सिद्ध बाबा गोदड़िया फेटीधार मंदिर पनोह में श्रीमद्भागवत कथा
माखन चोरी प्रसंग और भजनों ने श्रद्धालुओं को दिया आध्यात्मिक आनंद
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। सिद्ध बाबा गोदड़िया फेटीधार मंदिर पनोह में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा शुरू हुई, जिसमें कथावाचक आचार्य चंदन शर्मा ने श्रीकृष्ण की बाल-लीलाओं का वर्णन प्रस्तुत किया। माखन चोरी प्रसंग ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। आचार्य चंदन शर्मा ने बताया कि नन्हे कृष्ण गोकुल में माखन चोरी करते थे और यशोदा मैया उन्हें पकड़ने का प्रयास करती थीं।
इस प्रसंग के माध्यम से उन्होंने यह संदेश दिया कि भगवान अपने भक्तों के प्रेम के बंधन में स्वयं बंध जाते हैं। उन्होंने कहा कि जहां प्रेम है, वहां नियम भी आनंद बन जाते हैं। कथा के दौरान उन्होंने यह भी समझाया कि जैसे एक मां अपने बच्चे की शरारतों पर क्रोधित नहीं होती, बल्कि मुस्कुराकर उसे गले लगा लेती है, वैसे ही भगवान भी अपने भक्तों की छोटी-छोटी भूलों को प्रेम से स्वीकार करते हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष पंडित सुरजीत के अनुसार, कथा का समापन 31 दिसंबर को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह भागवत कथा न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत कर रही है, बल्कि समाज में प्रेम, करुणा और सद्भाव का संदेश भी दे रही है।