लदरौर-दधोल सड़क पर भटेड़ पुल के पास बहता पानी। -संवाद
- फोटो : BILASPUR
भगेड़/बिलासपुर। जिले में रविवार रात को जमकर बारिश हुई। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुंगल के पास बरमाणा की तरफ भूस्खलन होने से मलबा सड़क पर आ गया। वहीं लदरौर-दधोल सड़क पर भटेड़ पुल के पास भी पहाड़ी का पानी पत्थरों समेत सड़क पर आ गया। इसके कारण थोड़ी देर के लिए इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। लोक निर्माण ने सड़कों से मलबा हटाकर यातायात सुचारु किया।
रविवार रात 10 बजे से शुरू हुई बारिश सोमवार सुबह 6 बजे तक लगातार जारी रही। जिला भर की संपर्क सड़कें भी बारिश के कारण बाधित रहीं। सुंगल के पास पहाड़ी का मलबा सड़क पर आ गया। गनीमत रही कि सड़क पर कोई वाहन नहीं था वरना कोई बड़ी घटना हो सकती थी। सोमवार सुबह करीब 11 बजे लोनिवि की जेसीबी मौके पर पहुंची और सड़क से मलबा हटाया। वहीं लदरौर-दधोल सड़क पर भटेड़ पुल के पास यातायात बाधित रहा। लोनिवि ने यातायात बहाल कर किया। अधिशासी अभियंता गुरमिंद्र राणा ने कहा कि बारिश से कई जगह सड़कों पर मलबा गिरा था। इसे हटावा दिया गया है।