भराड़ी (बिलासपुर)। घुमारवीं उपमंडल में यातायात नियमों की जमकर अवहेलना हो रही है। इससे सड़क हादसों का ग्राफ बढ़ गया है। एक माह में एक दर्जन से अधिक सड़क हादसे हो चुके हैं। भराड़ी थाना के तहत एक की मौत हुई है और 18 लोग घायल हुए हैं। रविवार को दधोल पुल के समीप स्कूटी और बाइक में टक्कर हो गई। भाई को राखी बांधकर अपने पति के साथ बाइक पर घर लौट रही मधु निवासी बरसंड गांव गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। लेकिन उसने दम तोड़ दिया। वहीं भराड़ी थाना के तहत नेशनल हाईवे-103 पर सोमवार सुबह बाड़ी छजोली के पास ट्रक ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी। करीब 150 मीटर तक कार घसीटते हुए चली गई। कार में तीन लोग सवार थे। कार सवार बाल-बाल बचे।
क्षेत्र में दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग आम देखने को मिलती है। शराब पीकर वाहन चलाने के मामले भी सामने आ चुके हैं। तीन हादसों में चालकों द्वारा शराब पीकर वाहन चलाए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के चालान भी किए हैं।
कोरोना के कारण एल्कोसेंसर थानों में पड़े हैं। क्षेत्र में हादसों के कारण लोगों की जान जा रही है। राहगीर घायल हो रहे हैं। फिर भी यातायात नियमों का पालन सही नहीं हो पा रहा है। नेशनल हाईवे पर ओवर स्पीड वाहन लगातार दौड़ रहे हैं। स्पीडोमीटर थानों में धूल फांक रहे हैं। शिक्षण संस्थानों के छात्र दोपहिया वाहनों पर ट्रिपलिंग राइडिंग करते देखे जा सकते हैं।
उपमंडल के दधोल, डंगार, घुमारवीं, निहारी, भगेड़, भराड़ी सहित कई अन्य जगहों पर यातायात नियमों की अवहेलना होती देखी जा सकती है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। डीएसपी घुमारवीं अनिल ठाकुर ने कहा कि पुलिस समय-समय पर यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती है।