- श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में किया हवन का आयोजन
-समाज में बढ़ रही कुरीतियों को लेकर मुख्यमंत्री को प्रेषित किया ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सेवानिवृत्त जिला प्राथमिक अध्यापक संघ और समाज समवन्य समिति की ओर से शनिवार को नशा मुक्त जागरूकता रैली निकाली। इस रैली में दिव्यांग कल्याण संघ और अर्धनारीश्वर समाज सेवा समिति, पूर्व सैनिकों सहित अन्य सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रैली से पहले श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में हवन यज्ञ किया गया। इसके बाद पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ रैली का शुभारंभ किया गया। रैली मंदिर से शुरू होकर उपायुक्त कार्यालय तक गई। सेवानिवृत्त जिला प्राथमिक अध्यापक संघ के संरक्षक किशोरी लाल शर्मा की अगुवाई में एसी टू डीसी राजीव ठाकुर के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को ज्ञापन प्रेषित किया। किशोरी लाल ने कहा कि वर्तमान समय में युवा पीढ़ी दिन प्रतिदिन नशे की गर्त में डूबती जा रही है। इससे समाज समाप्ति की ओर जा रहा है। संगठन की ओर से युवा पीढ़ी को नशे से बचाने एवं समाज को जागरूक करने के उद्देश्य पूरे जिले में जन जागरण अभियान चलाया जा रहा है। समाज में फैल रहे नशे को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रदेश सरकार से टीवी चैनलों पर नशे से संबंधित विज्ञापनों पर भी रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने इस दौरान सरकार से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए प्लास्टिक के थैलों में बिकने वाले दूध, घी, तेल और अन्य खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने प्रदेश सरकार से भ्रष्टाचार की रोकथाम के लिए कड़े कानून बनाने, बेरोजगारी की समस्या का समाधान करने, बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने, पूरे देश मेंं एक ही शिक्षा प्रणाली लागू करने और गो संरक्षण पर बल देने की मांग की है। इस अवसर पर संघ के प्रधान युगल किशोर, महासचिव सुरेंद्र शास्त्री, कोषाध्यक्ष अश्विनी चंदेल, मदन, प्रेमचंद, जगन्नाथ, अधिवक्ता परवेश चंदेल, कर्नल करनैल सिंह चंदेल, कैप्टन सुरेंद्र और विनोद सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।