बिलासपुर (रामपुर)। भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी गुट के किसानों ने रविवार की दोपहर हरियाणा के मुख्यमंत्री के पुतले को लेकर नगर में जुलूस निकाला और बाद में केंद्र और हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य चौराहे पर हरियाणा सरकार का पुतला फूंक दिया।
जिलाध्यक्ष गुरचरण सिंह के नेतृत्व में तमाम किसान रविवार की पूर्वाह्न करीब 11 बजे नगर की शिवबाग मंडी स्थित टिनशेड में एकत्र हुए। किसानों ने हरियाणा सरकार व केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। इसके बाद किसानों ने शिवबाग मंडी माठखेड़ा रोड होते हुए हरियाणा सरकार के पुतले का जुलूस निकाला और बाद में नगर के मुख्य चौराहे पर पहुंचे किसानों ने केंद्र व हरियाणा सरकार के खिलाफ किसानों पर लाठीचार्ज करने की निंदा करते हुए प्रदर्शन किया। इसके बाद हरियाणा सरकार का पुतला फूंक दिया। किसानों का आरोप था कि केंद्र और हरियाणा सरकार किसानों का उत्पीड़न कर रही है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस उपाधीक्षक विद्या किशोर शर्मा, कोतवाली प्रभारी इंद्रेश सिंह, कस्बा चौकी प्रभारी राजेश कुमार भी मौके पर पहुंच गए। किसानों ने उन्हें बताया कि वह किसी भी प्रकार का व्यवधान नहीं करेंगे। पुतला फूंकने वालों में जिलाध्यक्ष गुरचरण सिंह, गुरबीर सिंह एडवोकेट, सतनाम सिंह, हरदीप सिंह, जनरल सिंह, भूपेंद्र सिंह, जसपाल सिंह, सिमरजीत सिंह, निर्भय सिंह, मनजीत सिंह, मंत्री मलवई, अर्जुन सिंह गिल, नृपजीत सिंह, राजेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मुख्य थे।