-कोटला ग्राम हितकारिणी सभा ने बीडीओ को दी शिकायत
-बीडीओ ने जांच के दिए आदेश, पंचायत प्रधान ने आरोपों का किया खंडन
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। विकास खंड सदर की ग्राम पंचायत कोटला में ग्राम हितकारिणी सभा ने पंचायत में हो रहे निर्माण कार्यों में घटिया निर्माण सामग्री लगाने का आरोप लगाया है। सभा ने विकास खंड अधिकारी को इसकी शिकायत दी है और अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। वहीं पंचायत प्रधान ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
विकास खंड अधिकारी को सौंपे ज्ञापन में ग्राम हितकारिणी सभा के प्रधान पदमदेव शर्मा, उप प्रधान निशा कांत, पूर्व वार्ड सदस्य राजेंद्र शर्मा ,सुखराम और नीलम फड़िया ने बताया कि प्रधान, सचिव और तकनीकी सहायक की मिलीभगत से पंचायत के निर्माण कार्यों में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। पंचायत में पहले भी सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया था और वह सड़क बुरी तरह से टूट गई है। इस तरह सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने विभाग और प्रशासन से शीघ्र जांच पूरी करने की मांग की है। वहीं पंचायत प्रधान से इसके बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि आरोप झूठे हैं। पंचायत के निर्माण कार्यों में विभाग की ओर से अनुमोदित निर्माण सामग्री लगाई जा रही है। उधर सदर विकास खंड अधिकारी बविता धीमान ने बताया कि इसके बारे में जांच के आदेश दिए गए हैंं। जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।