बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस की एसआईयू टीम ने वोल्वो बस में बैठे एक युवक से 26.11 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
जानकारी के अनुसार एसआईयू बिलासपुर की टीम ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना सदर के गेट के पास बुधवार सुबह नाकाबंदी की हुई थी। बुधवार सुबह करीब 4:15 बजे एक वोल्वो बस आई। बस की सीट नंबर एक पर बैठे युवक से जब पुलिस टीम ने पूछताछ की तो युवक घबरा गया। टीम को युवक पर शक हुआ। तलाशी ली तो उससे 26.11 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी युवक की पहचान धीरेन सेन निवासी वार्ड नंबर सात, मॉडल टाउन श्रीआनंदपुर साहिब के रूप में हुई है। पुलिस ने थाना सदर में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि डीएसपी बिलासपुर राज कुमार ने की है।