संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। निर्जला एकादशी का पर्व जिले में शुक्रवार को पारंपरिक तरीके के साथ आस्था और हर्षोल्लस के साथ मनाया गया। इस दौरान आयोजित भंडारों में लोगों ने बढ़ चढ़कर प्रसाद ग्रहण किया। जगह-जगह छबील लगाकर राहगीरों को ठंडा पानी और शरबत पिलाया गया। मंदिरों में भी लोगों की भीड़ रही। लोगों ने दान पुण्य किया।
बिलासपुर शहर में बस अड्डा पर स्थानीय दुकानदारों ने छबील के साथ भंडारे का आयोजन किया। श्रद्धालुओं को चना, कद्दू, आलू की सब्जी और मालपूडे का प्रसाद वितरित किया गया। सदर मार्केट बिलासपुर के बैनर तले आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधान राम लाल, जावेद, हेमराम, अरुण गौतम, नवीन व अशोक कुमार आदि ने सक्रिय योगदान दिया।
उधर, बस स्टैंड के समीप पिपलेश्वर महादेव मंदिर के बाहर स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से छबील लगाकर आने-जाने वाले लोगों को शरबत पिलाया गया। छबील के आयोजक केसर शर्मा, अजय राही, सुमित मेहता आदि बताया कि स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से हर साल निर्जला एकादशी पर छबील लगाई जाती है। वहीं, लोअर मेन मार्केट में साईं गार्मेंटस के बाहर भी छबील का आयोजन अजय सोनी और सहयोगियों ने किया।
जिले के आनंदघाट, बलघाड़, झंडूता, घुमारवी बाजार, भराड़ी दधोल, छंजियार, कुठेड़ा, परनाल आदि क्षेत्रों में भी निर्जला एकादशी के अवसर पर लोगों को मीठा पानी और तरबूज सहित अन्य फल बांटे गए।