घुमारवीं(बिलासपुर)। हिमाचल प्रदेश सीनियर सेकेंडरी बोर्ड की ओर से वीरवार को अपराह्न करीब दो बजे 12 वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया। इसमें जिला के घुमारवीं क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डोमेहर की छात्रा एवं किसान की बिटिया जागृति धीमान ने 96.6 प्रतिशत अंकों को प्राप्त कर प्रदेश में आर्ट्स वर्ग में टॉपरों की सूची में पांचवां स्थान हासिल किया है। बकौल जागृति एसडीएम बनकर प्रदेशवासियों की सेवा करना ही मुख्य लक्ष्य है।
प्रदेशीय बोर्ड परीक्षा में टॉपर जागृति धीमान गांव दमहेड़ा पंचायत लेहड़ी सरेल उप तहसील भराड़ी के गरीब परिवार से संबंध रखती है। उसने बोर्ड परीक्षा में 500 में से 483 अंक प्राप्त किए हैं। जागृति धीमान ने बताया कि मेरी प्रेरणा स्त्रोत मेरे माता पिता है। जिन्होंने मुझे कठिनाई व सीमित साधनों में किस प्रकार से सफलता प्राप्त की जाती है उसके बारे सिखाया। जागृति के पिता रूप लाल धीमान खेती बाड़ी का कार्य कर परिवार का पालन पोषण करते। लेकिन पिछले दिनों जागृति के पिता का एक दुर्घटना में टांग टूट जाने से सारे परिवार की जिम्मेदारी बड़े भाई विशाल के ऊपर आ गई और वह परिवार का भरण पोषण गाड़ी चलाकर करने लगे।
जागृति ने बताया कि अपनी दिनचर्या में सुबह चार बजे उठकर पढ़ाई शुरू कर देती थी व रात को ग्यारह बजे पढ़ाई कर के सोती थी। उसके साथ ही खाली समय में पेंटिंग,गाना सुनना भी जागृति ने अपने शौक बताए। जागृति ने बताया कि भविष्य में वो हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाओं में बतौर एसडीएम के पद पर सेवा देने का अरमान रखती है ताकि लोगों को प्रशासन की तरफ से जो मुश्किलें आती है। उनका तुरंत निपटान किया जा सके। जागृति ने स्कूल प्रधानाचार्य अश्वनी शर्मा व अपने अध्यापकों में नरवेंद्र देव, रनदीप चंद, पवन, संदीप,नरेश, पदमजीत को इस सफलता के धन्यवाद दिया। प्रधानाचार्य अश्वनी शर्मा ने बताया कि जागृति का शुरू से ही पढ़ाई की तरफ बहुत लगाव रहा है और वो दूसरे बच्चों को स्कूल में पढ़ाई के लिए भी प्रेरित करती रहती थी। इसी लग्न की वजह से आज जागृति ने यह मुकाम हासिल किया। इस अवसर पर जागृति की माता उर्मिला देवी, आशीष नड्डा, समाजसेवी अजय शर्मा, प्रशांत धीमान व गांव वासियों ने बधाई है।