प्राथमिक शिक्षक संघ बोला, कुछ प्रावधान प्राथमिक शिक्षा के हित में नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। प्रदेश सरकार की ओर से जारी अधिसूचना में क्लस्टर सिस्टम के कुछ प्रावधान प्राथमिक शिक्षा और प्राथमिक शिक्षकों के हित में नहीं हैं। सरकार ने 29 नवंबर को जारी अधिसूचना के कई प्रावधानों का संघ स्वागत करता है। यह बात प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने कही। संघ के राज्य संयोजक रमेश शर्मा ने कह कि कुछ प्रावधानों को अधिसूचना से हटाने के लिए संघ ने अपना पक्ष शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, निदेशक प्रारंभिक शिक्षा आशीष कोहली, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा और प्रधान सचिव शिक्षा राकेश कंवर के समक्ष रखा। उन्होंने संघ के सुझावों पर सहमति जताते हुए आवश्यक संशोधन का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में गलत संदेश दे रहे हैं। संघ एक ही कैंपस में चल रहे सभी स्तर के स्कूलों की प्रार्थना, 300 से 500 मीटर के दायरे में चल रहे स्कूलों के संसाधनों के साझा उपयोग और विभिन्न वर्ग के अध्यापकों द्वारा उन्हें आवंटित कक्षाओं के अलावा दूसरी कक्षाओं को पढ़ाने के निर्णय का भी स्वागत किया है। यह सभी कदम बच्चों को बेहतर शिक्षा देने में मील का पत्थर साबित होने वाले हैं। यह एक सराहनीय पहल है। ्रबच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए संघ ने अलग से 15 बिंदुओं का प्रस्ताव हिमाचल सरकार को प्रेषित किया है, जिस पर सरकार और उच्च अधिकारियों ने प्राथमिक शिक्षक संघ को विश्वास में लेकर क्रियान्वयन का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि अधिसूचना में मिड डे मील को लेकर दिए दिशा-निर्देशों के क्रियान्वयन में आने वाली व्यावहारिक कठिनाइयों और प्राथमिक शिक्षकों के पदोन्नति अधिकारों को लेकर पक्ष रखा है। कुछ अधिकारी और कर्मचारी इतने बड़े निर्णय को आनन-फानन में लागू करना चाहते हैं जो प्राथमिक शिक्षक संघ को स्वीकार नहीं है।