mockdrill will organised on tuesday in bilaspur near coal dam himachal pradesh for earthquake
बिलासपुर। भूकंप की आपदा से निपटने के लिए तैयारियां की समीक्षा को मंगलवार को मॉक ड्रिल का आयोजन होगा। कोल डैम के समीप मॉक ड्रिल का आयोजन दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा।
मॉक ड्रिल के माध्यम से तैयारियां की समीक्षा के साथ सामने आने वाली खामियों को चिह्नित किया जाएगा। साथ ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, स्वयं सेवियों और नागरिकों को उनके उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। सोमवार को आपदा नियंत्रण पर आयोजित बैठक में अतिरिक्त जिला उपायुक्त तोरुल रविश ने यह जानकारी दी।
उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपदा के समय अपनी भूमिका को अच्छे से समझने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आपदा के समय सभी हितधारकों की भूमिका और जिम्मेदारियों पूर्व निर्धारित होती है। बैठक में घटना प्रतिक्रिया प्रणाली तथा उसके विभिन्न कार्यों के निष्पादन के लिए उत्तरदायी सभी विभागों को आपदा के लिए सदैव तैयार रहने पर चर्चा की गई।
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की 7वीं बटालियन के क्षेत्रीय आपदा प्रतिक्रिया केंद्र नालागढ़ के अधिकारियों ने आपदा के समय जिला आपदा प्रबंधन योजना के अनुसार निर्धारित कार्यों के बारे में अवगत करवाया।
इस अवसर पर पीओ डीआरडीए राजेंद्र गौतम, जिला राजस्व अधिकारी देवी राम, एनडीआरएफ इंस्पेक्टर गुरमेल सिंह, सब इंस्पेक्टर राकेश कुमार, हिमाचल होमगार्ड कमांडेंट सुरेन्द्र, आरटीओ बिलासपुर अशोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।