शाहतलाई (बिलासपुर)। शिक्षा खंड झंडूता के अंतर्गत आने वाली वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलाई में सरकारी पैसे के दुरुपयोग की एक शिकायत विजिलेंस विभाग के पास पहुंची है। शिकायत के आधार पर हिमाचल प्रदेश भ्रष्टाचार निरोधक एवं सतर्कता विभाग ने जांच शुरू कर दी है। स्कूल से कुछ रिकॉर्ड भी विजिलेंस के अधिकारियों ने अपने कब्जे में लिया है। लेकिन अभी कुछ रिकॉर्ड लेना बाकी है। इस पर जांच एजेंसी काम कर रही है।
रावमापा तलाई में खेल सामग्री की खरीद-फरोख्त में गड़बड़ी करने की शिकायत किसी अज्ञात व्यक्ति ने विजिलेंस को दी है। शिकायत में शिकायतकर्ता का नाम पता नहीं है। मामले की संजीदगी को समझते हुए विभाग के अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस ने दो दिन में पाठशाला परिसर में स्कूल फंड से हुई खरीद के बिल व अन्य कागजात को अपने कब्जे में ले लिया है। सामान खरीद का मामला 2020 का बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि स्कूल में स्पोर्ट्स फंड का दुरुपयोग किया गया है।
उधर, डीएसपी संजय कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तलाई में सरकारी फंड के पैसे का दुरुपयोग होने की एक गुप्त शिकायत मिली है। इसके आधार पर विजिलेंस विभाग ने संबधित रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अभी तक पूरा रिकॉर्ड कब्जे में नहीं लिया गया है। इसके लिए कार्रवाई की जा रही है। कहा कि इस संबंध में आरोपियों के बयान भी विभाग दर्ज करेगा। यदि जांच के दौरान कुछ गड़बड़ी के सबूत मिलते हैं तो स्कूल प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।