स्वारघाट (बिलासपुर)। स्वारघाट में शातिर सड़क किनारे खड़े वाहनों से डीजल, पेट्रोल, टायर और अन्य सामान चोरी कर रहे हैं। वीरवार रात्रि चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों पर खड़े वाहनों को निशाना बनाया है। अज्ञात चोरो ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-205 पर स्वारघाट से दो किलोमीटर दूर संतोषी माता मंदिर की पार्किंग में खड़ी धर्मेंद्र कुमार की कार के शीशे और डैसबोर्ड तोड़ दिया है। हालांकि चोर कार से कोई सामान नहीं चुरा पाए हैं।
वहीं काथला गांव में भी राकेश कुमार की कार के चारों टायरों से व्हील कप चुरा लिए हैं। पुलिस शिकायत में धमेंद्र कुमार ने बताया कि गांव को जाने वाली संपर्क सड़क बरसात के कारण खराब है। गांव के लोग अपने वाहनों को संतोषी माता मंदिर के प्रांगण में खड़ा करते हैं। वीरवार शाम को कार नंबर एचपी91-2700 संतोषी माता मंदिर के प्रांगण में खड़ी की थी। शुक्रवार सुबह देखा तो कार का शीशा और डैस बोर्ड टूटा हुआ था। डीएसपी पूर्ण चंद ने मामले की पुष्टि की है।