राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुखाला में बैंक प्रबंधक राजीव शर्मा बच्चों को बैंक की योजनाओं की
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जुखाला में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर बैंक प्रबंधक राजीव शर्मा ने 12वीं के बच्चों को आजादी के बाद से अब तक बैंकों के स्वरूप और उनके कामकाज में आए बदलाव से अवगत कराया। इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक मिश्रा, प्रवक्ता अशोक और विद्यालय का स्टाफ व बैंक सहयोगी भी उपस्थित रहे।
राजीव शर्मा ऋण सुविधा के बारे में कहा कि ऋण व्यक्ति की आर्थिक स्थिति को सुधारने के लिए बैंक की ओर से एक सुविधा है। जबकि कई लोग इसे अपना अधिकार समझते हैं तथा ऋण लौटाने के मामले में आनाकानी करते हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ बैंक कानूनी कार्रवाई भी करता है। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट योजना के तहत किसानों को लाभान्वित किया जा रहा है। वहीं उन्होंने कहा कि वर्तमान युग डिजीटल युग है तथा इसमें जिस प्रकार से बैंकिंग आसान हुई है। वहीं फ्रॉड के मामले भी इसी प्रकार तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बैंक कभी भी उपभोक्ता से उनके बैंक अकाउंट संबंधी जानकारी नहीं मांगता है। इसलिए फर्जी फोन कॉल्स को नजरअंदाज कर अपने गाढ़े खून पसीने की कमाई को बचाया जा सकता है। प्रबंधक राजीव शर्मा ने बच्चों से आग्रह किया कि भूलकर भी किसी से अपनी पिन नंबर या ओटीपी नंबर सांझा न करें। उन्होंने उपस्थित जनसमूह को एटीएम, गूगल-पे, भीम ऐप, फोन-पे, हिम पैसा आदि डिजिटल माध्यमों से लेन देन करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी।