बिलासपुर। जिले में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बारिश के बीच जगह-जगह तिरंगा फहराया गया। जिला स्तरीय समारोह आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र बिलासपुर के खेल मैदान में हुआ। खाद्य नागरिक आपूर्ति मामले के मंत्री राजेंद्र गर्ग ने ध्वजारोहण किया और सलामी ली।
मंत्री ने कहा कि छोटे से पहाड़ी प्रदेश के वीर सपूतों ने भी स्वाधीनता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिमाचल की पहचान देवभूमि के साथ वीरभूमि के रूप में भी है। देश का पहला परमवीर चक्र हिमाचल के वीर सपूत मेजर सोमनाथ शर्मा को अपने सर्वोच्च बलिदान के लिए प्राप्त हुआ था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार वयोवृद्ध स्वतंत्रता सेनानियों, पूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के कल्याण के प्रति सदैव गंभीर है।
इस अवसर पर खेल-खेल में स्वच्छता स्वच्छता का पाठ कार्यक्रम में श्रेष्ठ कार्य के लिए जिले के विभिन्न स्कूलों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। एएसआई नरेंद्र कुमार, मुख्य आरक्षी अजेय कुमार और अरविंद कुमार को मादक पदार्थों के अपराधियों को पकड़ने, कोविड-19 के दौरान बेहतर सेवाएं देने और चोरी के मामलों को सुलझाने के लिए पुरस्कृत किया गया। मार्चपास्ट में और सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर विधायक जीतराम कटवाल और सुभाष ठाकुर, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा, स्वतंत्रता सेनानी पंडित सहज राम, नरोत्तम दत्त की धर्म पत्नी प्रेमी देवी, उपायुक्त पंकज राय, पुलिस अधीक्षक एसआर राणा मौजूद रहे।
न्यायालय प्रांगण में किया ध्वजारोहण
जिला न्यायालय बिलासपुर के प्रांगण में जिला एवं सत्र न्यायाधीश पुरेंदर वैद्य ने ध्वजारोहण किया और पुलिस बल की सलामी ली। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिक न्यायाधीश और दंडाधिकारी अनिल कुमार शर्मा, सिविल जज और न्यायिक अधिकारी प्रथम श्रेणी एकांश कपिल, सचिव जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण विक्रांत कौंडल, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दौलत राम शर्मा मौजूद रहे।
कोलडैम में बच्चों ने प्रस्तुतियों से बांधा समां
एनटीपीसी की कोलडैम परियोजना में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। महाप्रबंधक कुलविंदर सिंह ने आवासीय परिसर जमथल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एनटीपीसी परियोजना की महिला संगठन संगिनी संघ के सहयोग से बाल भवन के साथ ही डीएवी स्कूल और बेवी क्रैच के बच्चों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कुलविंदर सिंह ने कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस मौके पर लव टंडन, दिग्विजय प्रसाद सिंह, हरमिंदर कौर मौजूद रहे।
युवक मंडलों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शिव शक्ति युवक मंडल कवाली टटोह ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला टटोह में बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता करवाई। युवक मंडल के उपप्रधान अमन ठाकुर ने स्कूल के मुख्य अध्यापक को सम्मानित किया। चित्रकला में रोहित चौहान ने पहला और आर्य ठाकुर ने दूसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर एसएमसी प्रधान सरोज ठाकुर, अध्यापिका वंदना ठाकुर सहित युवक मंडल के सदस्य मौजूद रहे। उधर, डॉ. आंबेडकर युवा मंडल बरड़ ने स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। युवक मंडल सचिव नितिन कुमार ने बताया कि युवक मंडल सदस्यों की ओर से हर घर तिरंगा फहराया गया। युवा क्लब अनंदघाट ने तिरंगा यात्रा निकाली। समारोह में तहसीलदार झंडूता शिखा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
स्कूलों में भी रही स्वतंत्रता दिवस की धूम
डीएवी बिलासपुर में बड़े उत्साह और धूमधाम से स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. दीपक ठाकुर और उनकी पत्नी स्वाति ठाकुर रहे। विद्यार्थियों ने समारोह में प्रस्तुतियां दीं। तकशील ने भाषण, अरिश्टा टंडन ने हिंदी कविता, सृष्टि ने देश भक्तों के बारे में कहानी सुनाई। आस्था ने कविता पाठ किया। उधर, शहीद विजयपाल मेमोरियल राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय घुमारवीं में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह डोगरा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
उधर, मुख्यमंत्री आदर्श पाठशाला जुखाला में पाठशाला के प्रधानाचार्य दीपक शर्मा की अगुवाई में स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस अवसर पर एनसीसी प्रभारी शालिग्राम की अगुवाई में तिरंगे को सलामी दी गई। राजकीय उच्च पाठशाला स्याहोला में मुख्य अध्यापक कृष्ण लाल ने तिरंगा फहराया। राजकीय उच्च पाठशाला घ्याल में मुख्य अध्यापक अमृत पाल ने तिरंगा झंडा फहराया।
शिवालिक पब्लिक स्कूल जुखाला में मुख्याध्यापक गोपाल ठाकुर की अगुवाई में आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। चलैहली स्कूल में 76वें स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान एनएसएस के स्वयंसेवियों में मार्चपास्ट की सलामी दी। अध्यक्षता स्कूल प्रधानाचार्य प्यार सिंह चंदेल ने की। पंजगाईं में प्रधानाचार्य भोपाल चौधरी ने ध्वजारोहण किया।
इधर, भाजपा युवा मोर्चा के सदर मंडल ने तिरंगा यात्रा निकाली। इसमें समाजसेवी हरीश नड्डा विशेष रूप में उपस्थित रहे।