शाहतलाई (बिलासपुर)। उपमंडल अधिकारी और बाबा बालक नाथ मंदिर न्यास के अध्यक्ष नरेश वर्मा ने कहा है कि मास्क पहनना अनिवार्य है। कोई बिना मास्क मिलता है तो उसका चालान किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार मास्क नहीं पहनता है तो उसकी दुकान उसी समय बंद करवा दी जाएगी। लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लगवाने की हिदायत भी दी है।
वे शाहतलाई में मंगलवार को वैश्विक महामारी की तीसरी लहर के बढ़ते कदमों को लेकर मंदिर न्यास के बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पुलिस को आदेश दिए गए हैं कि शाम को साढ़े चार बजे हर हाल में कोरोना का अपडेट देना होगा।
बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष बंदना कुमारी, पंचायत सचिव पंकज धीमान, मंदिर प्रभारी सुखदेव सिंह चंदेल, पार्षद विजय कुमार शर्मा, व्यापार मंडल तलाई के अध्यक्ष बृज लाल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. दिव्यांश राणा, मंदिर न्यास के कनिष्ठ अभियंता विजय ठाकुर, नगर पंचायत के उपाध्यक्ष नंद लाल, पार्षद सुनीता देवी, पार्षद राजकुमार, नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक विनोद ठाकुर, मंदिर न्यास के लिपिक प्रेम सिंह, थाना तलाई के सहप्रभारी राम कुमार, चंद्र शेखर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।