ईसीएचओ इंडिया के साथ एम्स बिलासपुर की पहल
विशेषज्ञों से ऑनलाइन मार्गदर्शन, प्रशिक्षण देने के लिए नए कार्यक्रम होंगे शुरू
जटिल मामलों में विशेषज्ञ सलाह मिलने से स्थानीय स्तर पर मरीजों को उपचार सुविधा देने में मिलेगी मदद
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर के विशेषज्ञ डॉक्टरों का ज्ञान और अनुभव अब प्रदेश के दूरदराज के स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके लिए एम्स में ईसीएचओ (एक्सटेंशन फॉर कम्युनिटी हेल्थकेयर आउटकम) के तहत नए कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के जरिये दूसरे स्वास्थ्य संस्थानों में सेवाएं दे रहे डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेषज्ञों से प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ऐसे मामलों में भी स्थानीय स्तर पर उपचार की क्षमता बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिनके लिए फिलहाल मरीजों को बड़े स्वास्थ्य संस्थानों का रुख करना पड़ता है।
एम्स बिलासपुर में ईसीएचओ इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में संस्थान के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह, विभागाध्यक्षों और विभिन्न टीम सदस्यों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह तय करना रहा कि एम्स के किन विभागों और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े क्षेत्रों में ईसीएचओ के नए कार्यक्रम शुरू किए जा सकते हैं। ईसीएचओ मॉडल में विशेषज्ञ चिकित्सक केवल एक बार प्रशिक्षण देने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि जुड़े स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ज्ञान और अनुभव साझा करने का मंच तैयार किया जाता है। इससे दूरदराज के स्वास्थ्य केंद्रों में काम करने वाले चिकित्सकों को कठिन मामलों पर विशेषज्ञ राय और नई चिकित्सा जानकारी हासिल करने का अवसर मिल सकता है। बैठक में इसी मॉडल को एम्स बिलासपुर के अलग-अलग विभागों से जोड़ने पर चर्चा हुई। ऐसे क्षेत्रों की पहचान की जाएगी, जहां प्रशिक्षण और विशेषज्ञ मार्गदर्शन की सबसे अधिक जरूरत है। इसके बाद कार्यक्रमों को चरणबद्ध तरीके से शुरू करने के लिए ढांचा तैयार किया जाएगा।
एम्स बिलासपुर में ईसीएचओ के नोडल अधिकारी प्रो. डॉ. अनुपम पाराशर और समन्वयक डॉ. भूपेंद्र पटेल हैं। बैठक में उन्होंने ईसीएचओ इंडिया की टीम के साथ संस्थान में संभावित कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। ईसीएचओ इंडिया की टीम का नेतृत्व उपाध्यक्ष डॉ. संदीप भल्ला ने किया। उनके साथ महाप्रबंधक दीप ज्हा, वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. पूर्णिमा पाराशर और वरिष्ठ कार्यकारी अभिषेक मौजूद रहे। एम्स और ईसीएचओ इंडिया के बीच प्रस्तावित सहयोग का उद्देश्य केवल चिकित्सा प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की क्षमता को मजबूत करना भी है। ईसीएचओ इंडिया के साथ मिलकर आगे की रूपरेखा तैयार होगी। इससे एम्स की विशेषज्ञ सेवाओं और चिकित्सा ज्ञान का लाभ संस्थान से बाहर काम कर रहे स्वास्थ्य कर्मियों तक पहुंचाने का रास्ता तैयार होगा।