बिलासपुर। भीषण गर्मी के बीच बारिश के साथ मौसम में बदलाव लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। शहर में बुखार, खांसी-जुकाम और एलर्जी समेत अन्य कई संक्रामक बीमारियां लोगों को चपेट में लेने लगी है। छोटे बच्चे रोगों की चपेट में अधिक आ रह हैं। जिले के सबसे बड़े स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्रीय अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में रोगियों की संख्या में लगातार इजाफा दर्ज हो रहा है।
वीरवार को क्षेत्रीय अस्पताल में इलाज के लिए मरीजों का तांता लगा रहा। अस्पताल पहुंचे करीब 790 मरीजों में सर्दी, खांसी-जुकाम और एलर्जी से पीड़ित बच्चों व महिलाओं की संख्या अधिक रही। अस्पताल में सुबह आठ बजे से ही मरीजों का पहुंचना शुरू हो गया था। नौ बजे पर्ची काउंटर खुलते ही लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई। मरीजों को पर्ची बनाने के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शिशु रोग की ओपीडी में 160 से अधिक बच्चों की जांच की गई। इनमें अधिकांश बच्चे सर्दी, खांसी, बुखार, एलर्जी से पीड़ित रहे।
- तापमान में उतार-चढ़ाव होता है तो शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता कम हो जाती है। ऐसे में कई तरह की बीमारियां पैदा हो जाती हैं। इन दिनों ओपीडी में आने वाले बच्चों की संख्या में 30-35 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है। वातावरण में गर्मी से बुखार हो रहा है। साथ ही बच्चे ठंडा-गर्म का शिकार हो रहे हैं।
डॉ. सतीश शर्मा
शिशु रोग विशेषज्ञ, क्षेत्रीय अस्पताल
बच्चों को लेकर बरतें सावधानियां
अभिभावक मौसम के अनुकूल बच्चों को रखें और पानी खूब पिलाएं। बच्चों को ज्यादा देर तक खाली पेट न रहने दें। थोड़ा-थोड़ा कर दिनभर खिलाते रहें। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव वर्मा ने बताया कि इन दिनों ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या अधिक है। विभाग की ओर से सभी को उपचार की बेहतर सुविधाएं मुहैया करवाने का प्रयास किया जा रहा है।