बिलासपुर। भराड़ी थाना के तहत बाड़ा दा घाट कस्बे में हलवाई की दुकान करने वाले व्यक्ति के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता हलवाई बीती पांच अक्तूबर को दुकान का सामान लाने के लिए पंजाब के होशियारपुर गया था। लेकिन लौटकर घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने ढूंढने के हर संभव प्रयास किए लेकिन कोई जानकारी हासिल नहीं होने के बाद उन्होंने थाना में शिकायत दर्ज करवा दी है।
भराड़ी थाना से महज दो किलोमीटर दूर बाड़ा दा घाट कस्बे में हलवाई की दुकान करने वाला दौलतराम बीती पांच अक्तूबर को दुकान का सामान लाने के लिए होशियारपुर गया था। दौलतराम के बेटे ने पुलिस में मामला दर्ज करवाते हुए कहा कि उनके पिता अक्सर दुकान का सामान लाने के लिए होशियारपुर जाते थे। पांच तारीख को वह होशियारपुर गए थे। लेकिन लौट कर नहीं आए। लापता दौलतराम के बेटे ने कहा कि पांच तारीख को भी उन्होंने कई बार फोन पर संपर्क किया लेकिन फोन पर संपर्क नहीं हो पाया। जबकि 6 अक्तूबर से फोन बंद है। लापता दौलतराम के बेटे के मुताबिक उन्होंने कई जगह अपने पिता को ढूंढने क ाप्रयास किया, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया। डीएसपी अनिल ठाकुर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दौलतराम के लापता होने की शिकायत मिली है। पुलिस जांच कर रही है। होशियारपुर पुलिस से भी संपर्क किया जाएगा। लापता दौलतराम को खोजने का पुलिस प्रयास कर रही है।