भोट। उधार दी गई रकम वापस मांगने पर ट्रक चालक की हत्या कर दी गई थी, जिसमें चार लोगों के नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने नामजद चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही आरोपियों को कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया है।
शुक्रवार रात करीब आठ बजे तालकपुर रोड किनारे भोट गांव निवासी ट्रक चालक रमेश का शव पड़े होने की सूचना पर सनसनी फैल गई थी। थोड़ी ही देर में परिजनों संग तमाम ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए थे। परिजनों द्वारा युवक के शव को जिला अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों द्वारा मृत घोषित कर दिया था जिससे मृतक के घर में कोहराम मच गया था। तमाम ग्रामीण रात में ही थाने पहुंच गए थे व हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे थे। वहीं, मृतक के भाई रोशन लाल ने गांव निवासी चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए तहरीर थाना पुलिस को दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। तभी से पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दे रही थी। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि रविवार दोपहर सूचना मिली कि हत्यारोपी भोट निवासी कल्लू, सुबहान, हासम व शुऐब कहीं जाने की फिराक में थूनापुर चौराहे के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने चारों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि मृतक रमेश को उधार के दो हजार रुपये देने के लिए उन्होंने ही फोन कर रमेश को तालबपुर से खौदपुरा जाने वाले रास्ते में बुलाया था। रमेश बीस हजार रुपये बता रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी और धक्का मुक्की होने पर रमेश गिर गया और हालत खराब होने के थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई। रमेश की मौत पर आरोपियों ने उसकी जेब में रखे पेन कार्ड, आधार कार्ड, एटीएम व मोबाइल फोन भी पहचान छुपाने के उद्देश्य से निकाल लिए और गेहूं के खेत में फेंक दिए। पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर गेहूं के खेत में फेंके मृतक का आधार कार्ड, एटीएम, पेनकार्ड व मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
000
दो किमी दूर बाइक में रखकर लाए थे मृतक का शव
भोट। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि धक्का-मुक्की की थोड़ी ही देर बाद रमेश की मौत पर वह घबरा गए थे। हत्या के आरोप में फंसने के डर से हासम ने रमेश के शव को मोटरसाइकिल पर रख लिया तथा सुबहान शव का पकड़ कर बाइक में बैठ गया और सुएब व कल्लू मोटरसाइकिल के पीछे पीछे तेज कदमों से चलने लगे। करीब दो किलोमीटर दूर भोट तालबपुर रोड में पहुंचने पर रमेश के शव को छुपाने के उद़देश्य से रोड के किनारे डाल दिया। मृतक की चप्पल व बाइक भी वहीं पर छोड़ कर चारों लोग मौके से फरार हो गए थे।
00
पीएम रिपोर्ट में नही हुआ मौत का कारण स्पष्ट, विसरा सुरक्षित
भोट। तालकपुर रोड किनारे मिले ट्रक चालक की शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। चालक की मौत शुक्रवार को हुई थी। पुलिस के मुताबिक विसरा सुरक्षित किया गया है। विसरा रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह का पता चलेगा। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। गमगीन माहौल में देर शाम शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
000
गांव में फ्लैग मार्च कर शांति की अपील
भोट। ट्रक चालक की हत्या में गांव निवासी दूसरे समुदाय के चार आरोपियों को नामजद किए जाने पर दोनों समुदायों के बीच भाईचारा कायम रखने को थाना पुलिस भी एक्टिव हो गई। थानाध्यक्ष संजय कुमार ने दोपहर बाद गांव में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। इस दौरान ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा शांति व आपसी भाईचारा कायम रखने और शरारती तत्वों की सूचना थाना पुलिस को देने की अपील की गई।