- गृहमंत्री से राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष की हत्या के दोषियों को फांसी देने की उठाई मांग
- संगठन के पदाधिकारियों को सुरक्षा देने के लिए डीआईजी को भेजा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राजस्थान में राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेडी की घर में घुसकर हत्या करने के विरोध में शुक्रवार को बिलासपुर में देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं सवर्ण मोर्चा ने शहीद स्मारक पर धरना-प्रदर्शन किया।
इसके बाद कार्यकर्ता रैली के रूप में नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय पहुंचे, जहां उपायुक्त के माध्यम से गृहमंत्री और डीआईजी हिमाचल को ज्ञापन भेजे। गृहमंत्री से हत्यारों को फांसी देने की मांग की गई। साथ ही देवभूमि क्षत्रिय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूमित ठाकुर सहित अन्य पदाधिकारियों को सुरक्षा देने की मांग उठाई। इस मौके पर संगठन के प्रदेश महासचिव योगेश ठाकुर ने कहा उनका संगठन राजस्थान में हुई राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामडी हत्या की कड़ी निंदा करता है। इस संकट की घड़ी में प्रदेश का सवर्ण समाज राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना और सुखदेव सिंह गोगामडी के परिवार के साथ है। गोगामडी भारत माता के एक सच्चे सपूत और समाज सेवक थे। राजपूत समाज के एक सच्चे प्रहरी थे। उन्हें एक षड्यंत्र के तहत गोलियां चलाकर मार गया, जबकि खुफिया एजेंसियां भी उन हमले की आशंका जता चुकी थीं। उनकी हत्या से सवर्ण समाज को गहरा आघात लगा है। उन्होंने भारत सरकार से मांग की कि जो लोग इस घृणित कार्य में संलिप्त हैं, उन्हें फांसी की सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि देवभूमि क्षत्रिय संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रूमित ठाकुर पर पहले भी हमला चुका है। इसलिए उन्हें पुलिस सुरक्षा देनी चाहिए। इस मौके पर प्रदेश महामंत्री जगदीप ठाकुर, प्रवक्ता अनूप ठाकुर, जिलाध्यक्ष दीपक ठाकुर, उपाध्यक्ष विधि चंद चंदेल, सुरेंद्र ठाकुर, योगराज ठाकुर, पीयूष, देवीराम, ओम प्रकाश, मनु ठाकुर, लक्ष्मण मौजूद रहे।