बरठीं बाजार में चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाया। दोनों ही घरों से चोर हजारों की नकदी लेकर फरार हो गए हैं। शातिरों ने बैंक में कार्यरत महिला कर्मचारी और अकाउंटेंट घर में वारदात को अंजाम दिया। आरोपी दोनों घर से 20 से अधिक की नकदी लेकर फरार हो गए हैं।
वारदात के समय दोनों घरों में कोई नहीं था। इसी का फायदा उठाकर शातिरों ने खिड़की की जाली तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने इस संबंध में शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से लोग सहमे हुए है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें दूरभाष पर सूचना मिली थी कि बरठीं बाजार में दो जगहों पर चोरी की वारदातें सामने आई हैं।
पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पहली वारदात बरठीं बाजार कोऑपरेटिव बैंक में कार्यरत सुनीता रानी घर के पेश आई है। चोरों ने घर में घुसकर करीब नौ हजार रुपये की पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने इसी भवन में एक अन्य फ्लैट में वारदात को अंजाम दिया। यह मकान अकाउंटेंट प्रभात जम्वाल का है। यहां से चोर करीब तेरह हजार की नकदी पर हाथ साफ कर लिया है।
पुलिस जांच में पता चला कि चोर घर के पीछे की दीवार में लगी खिड़की की जाली को तोड़कर दाखिल हुए। इन दिनों दोनों ही घरों में कोई नहीं था। पुलिस ने लोगों के बयान कलमबंद कर पड़ताल शुरू कर दी है।
इसके साथ ही क्षेत्र के संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से भी आह्वान किया कि अगर किसी भी संदिग्ध व्यक्ति पर उनको शक होता है तो तुरंत पुलिस को सूचना करें। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी दो चोरियां बरठीं के सरगल गांव दो चोरी की वारदातें हो चुकी हैं।
डीएसपी घुमारवीं अंजनी जसवाल ने बताया कि बरठीं बाजार में दो चोरी के मामले सामने आए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध को देखने पर पुलिस को सूचित करें।