पुलिस थाना स्वारघाट के कैंची मोड़ टनल निर्माण कार्य में ब्लास्टिंग के दौरान मजदूर की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब ब्लास्टिंग से उड़ा पत्थर मजदूर की छाती में लग गया।
इसके बाद मजदूर को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों के सुपुर्द करके मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुरेश कुमार (37) सुपुत्र भागी राम निवासी इच्छानगर तारण कोठी, डाकघर निघासा मांझो, जिला छिरी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बीते सोमवार देर सायं किरतपुर से नेरचौक निर्माणाधीन फोरलेन में बन रही कैंची मोड़ टनल में इलेक्ट्रिकल ब्लास्टिंग की जा रही थी। टनल में हादसा उस समय हुआ, जब पांच से छह मजदूर टनल में काम कर रहे थे। मजदूर टनल के भीतर बने प्रोटेक्शन स्थल में बैठे थे। इस दौरान सुरेश कुमार ब्लास्टिंग को देखने के लिए बाहर की ओर निकला।
तभी अचानक ब्लास्टिंग हो गई। इससे मजदूर की छाती में गंभीर चोट लग गई है। इसके तुरंत बाद घायल अवस्था में मजदूर को प्राथमिक उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र स्वारघाट पहुंचाया गया।
जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे जिला अस्पताल भेज दिया।
जहां पर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। डीएसपी नयनादेवी जी हेड क्वाटर बलदेव दत्त ने बताया की घटना की सूचना मिलते ही थाना स्वारघाट के प्रभारी एसएचओ कर्म सिंह ठाकुर की अगुवाई में तुरंत कार्रवाई करते हुए घटनास्थल कैंची मोड़ जाकर गंभीर रूप से घायल सुरेश कुमार को स्वारघाट के प्राथमिक स्वास्थ्य के केन्द्र में उपचार के लिए लाया गया।
लेकिन, डॉक्टरों ने सुरेश कुमार को मृत घोषित कर दिया है। स्वारघाट पुलिस थाना में सीआरपीसी 174 के तहत मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।