थाना स्वारघाट के तहत कैंची मोड के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम के चालक के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की और उसकी वर्दी तक फाड़ दी। पुलिस ने चालक की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार हिमाचल पथ परिवहन निगम का चालक अपने निर्धारित रूट पर बस लेकर जा रहा था। इस दौरान कैंची मोड़ के समीप कुछ लोगों ने बस चालक के साथ मारपीट की और उसकी वर्दी फाड़ दी।
बस के चालक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि जब बस स्वारघाट थाना के तहत कैंची मोड़ पर बस पहुंची, तो कुछ लोग बस के आगे खड़े हो गए और उसे गालियां देने लगे।
इसके बाद आरोपियों ने उसे बस से नीचे उतारा और मारपीट करने लगे। इस मारपीट में उसकी वर्दी तक फट गई है। काफी देर तक मारपीट होने पर बस की सवारियों और अन्य लोगों ने बीच बचाव कर उसे छुड़ाया।
इसके बाद चालक ने पूरे मामले की जानकारी स्वारघाट पुलिस को दी। पुलिस ने चालक के बयान पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।