पकड़े गए आरोपी ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं।
बाबा बालक नाथ की तपोस्थली शाहतलाई में चल रहे मेलों में माथा टेकने पहुंची दो महिला श्रद्धालुओं से चेन स्नैचिंग का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आशंका जताई जा रही है कि आरोपी शाहतलाई में चैत्र माह मेले के दौरान श्रद्धालुओं को अपना शिकार बनाते थे। दोनों आरोपियों को पुलिस आज अदालत के समक्ष पेश करेगी। पुलिस को उम्मीद है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह का पर्दाफाश भी हो सकता है, जो कि क्षेत्र में लंबे समय से श्रद्धालुओं को अपना शिकार बना रहा था।
जानकारी के अनुसार रविवार को शाहतलाई में ऊना जिला से माथा टेकनी पहुंची महिला पूनम कुमारी ने पुलिस को बताया कि जब वह मंदिर में माथा टेक रहीं थी तो आरोपियों ने उनके गले से सोने की चेन उड़ा दी।
जबकि पंचकूला की महिला श्रद्धालु शक्ति शर्मा ने भी पुलिस को उसके गले से ढाई तोले की स्नेच करने की शिकायत दर्ज करवाई। सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मंदिर में पहुंच गई। पुलिस ने मंदिर क्षेत्र की घेराबंदी कर ली।
इसके बाद वहां खड़े श्रद्धालुओं की तलाशी शुरू की गई। इस दौरान एक महिला और पुरुष पुलिस की घेराबंदी को देखकर बचने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस को उन पर शक हुआ। शक के आधार पर पुलिस उन्हें थाने में पूछताछ के लिए ले गए।
पुलिस पूछताछ में दोनों ने चेन उड़ाने की बात कबूल कर लिया। पुलिस ने दोनों महिला श्रद्धालुओं की सोने की चेनें भी उनसे बरामद कर ली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा-356 के तहत मामला दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है।
घुमारवी के डीएसपी अंजनी जस्वाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाई पुलिस ने चेन स्नेचिंग के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शीघ्र ही चेन उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया जाएगा।