एक पुलिसकर्मी की बेटी से सामूहिक दुष्कर्म व पीड़िता के भाई का अपहरण कर तीन लाख रुपये ऐंठे जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने कई जगह छापेमारी की। आरोपियों के कई रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि चार आरोपियों में से एक की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
गौरतलब है कि बीते दिनों अकबरपुर थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में एक पुलिसकर्मी ने कहा था कि मीरानपुर अहिराना निवासी कल्लू व तीन अन्य ने उसकी 16 वर्षीया पुत्री के साथ 28 जनवरी की शाम दुष्कर्म किया था। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी थी।
प्राथमिकी में कहा गया है कि 19 मार्च को इन्हीं आरोपियों ने उसके पुत्र का अपहरण कर लिया था। तीन दिन बाद तीन लाख रुपये की फिरौती लेकर जिला मुख्यालय के तहसील तिराहे पर उसे छोड़ा गया। आगे कहा गया है कि उन्हें दुष्कर्म की जानकारी तब हुई, जब गत दिवस पेट में दर्द होने पर बेटी ने बताया।
शनिवार रात पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को उनकी रिश्तेदारियों में छापेमारी की। पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्लू के पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुुरू कर दी है। कल्लू की बहन के घर भी छापेमारी कर एक परिजन को हिरासत में ले रखा है।
किसी भी आरोपी का इस बीच पुलिस को सुराग नहीं लग सका है। कोतवाल महेंद्र ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पूछताछ को कुछ लोगों को लाया गया है। हालांकि उन्होंने किसी के नाम का खुलासा नहीं किया।