ि
जुखाला(बिलासपुर)। सदर खंड के तहत आने वाली कोटला पंचायत के निहारखन के बासला गांव की एक युवती की फरीदाबाद में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। युवती यहां एक निजी अस्पताल में नौकरी करती थी। हादसा उस वक्त हुआ जब वह अपनी एक सहेली के साथ सब्जी लाने जा रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार निहारखन-बासला गांव की बंदना दिल्ली के फरीदाबाद में एक निजी अस्पताल में बतौर स्टाफ नर्स अपनी सेवाएं दे रही थीं। वीरवार शाम अपनी ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपनी सहेली के साथ सब्जी लाने जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार वाहन ने बंदना को टक्कर मार दी। इस हादसे में उसके सिर पर गहरी चोट लगी जिस कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बंदना के पिता लोक निर्माण विभाग मंडी में सीनियर असिस्टेंट के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। जबकि माता सविता गृहिणी है। उसका एक भाई अजय अभी पढ़ाई कर रहा है। बंदना ने अपनी नर्सिंग की पढ़ाई खत्म करने के बाद दिल्ली के फरीदाबाद में एक निजी अस्पताल में अभी 5 महीने पहले नौकरी ज्वाइन की थी। परिजनों को हादसे की खबर देर रात को मिली जब दिल्ली से कॉल आई जिसमें कहा गया कि बंदना सड़क हादसे में घायल है।
परिजन जब दिल्ली पहुंचे तो पता चला कि बंदना की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। शुक्रवार को शाम तक बंदना का शव गांव पहुंचा। उसका अंतिम संस्कार शनिवार को होगा। उधर परमार्थ हिमालयन सांस्कृतिक संस्था के प्रधान शैलेंद्र भड़ोल, उप प्रधान कमलेश नड्डा, महासचिव किशोरी ठाकुर आदि ने बंदना के आकस्मिक निधन पर दुख व्यक्त किया है।