बिलासपुर। सदर थाना के तहत आने वाले क्षेत्र छड़ोल के गांव चैहड़ी में चोरों ने सेंधमारी कर एक घर से लाखों रुपये के गहने व नकदी चुरा ली है। मामले का पता घरवालों को सुबह चला, जब उन्होंने घर के एक कमरे का दरवाजा टूटा हुआ देखा। बहरहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार किशोरी लाल पुत्र बुद्धिराम गांव चैहड़ी जिला बिलासपुर ने सदर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि उसके घर से चोर 30 हजार रुपये नकदी व 70 हजार रुपये के जेवरात अपने साथ चुरा ले गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि वह अपने परिवार के साथ दूसरे कमरे में सोया हुआ था। जिस कमरे में चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है, उसमें ताला लगा हुआ था। चोरों ने रात को ताला तोड़ कर घर के अंदर रखे सामान को बिखेरा। जबकि उस कमरे में रखे 30 हजार रुपये नकद व गहने साथ ले गए। जब वह सुबह उठे तो उन्होंने कमरे का ताला टूटा हुआ देखा, जिसके बाद अंदर जाकर देखने पर पता चला की गहने व नकदी गायब है। उन्होंने बताया कि चोर अपने साथ बालियां, चाक, गले की चैन सहित अन्य गहने चुरा कर ले गए हैं। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहीं एसपी बिलासपुर अशोक कुमार ने मामले की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि छड़ोल के चैहड़ी में चोरी हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
10 दिनों के अंदर चोरी की तीसरी वारदात
चोरों के हौसले इस कदर बुलंद है कि 10 दिनों के भीतर बिलासपुर में तीसरी चोरी है। पहली दो चोरियां स्वारघाट क्षेत्र में हो चुकी हैं। यहां पर एक सप्ताह के भीतर ही चोरों ने दो घरों में सेंधमारी कर लाखों रुपये के गहने व नकदी चुरा लिए थे, जबकि तीसरी चोरी छड़ोल में हो गई है। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग भी सहमे हुए हैं, वहीं एक कमरे से घर वालों के सोने के बावजूद साथ लगते दूसरे कमरे से चोरी कर सामान ले जाना भी चर्चा का विषय है।