अमर उजाला ब्यूरो
बरमाणा (बिलासपुर)।
पंजगाईं के एक व्यक्ति को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है। जबकि चौथा आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। तीसरे आरोपी को पुलिस ने वीरवार देर शाम गिरफ्तार किया है। जिसे कोर्ट में पेश किया गया है। मामले की पुष्टि एसपी राहुल नाथ ने की है। उन्होंने कहा कि मामले में एक और आरोपी को पकड़ा जाना शेष है।
उन्होंने कहा कि मृतक तिलक राज के सुसाइड नोट में लिखे गए दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने तीसरे आरोपी प्रदीप उर्फ दीप को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस चौथे आरोपी की तलाश कर रही है।
पंजगाई के एक व्यक्ति ने कुछ दिन पूर्व पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली थी। मौके पर एक डायरी मिली थी। जिसमें मृतक ने मरने से पूर्व चार लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था।