स्वारघाट (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर बनेड़ के पास कार व ट्रक के बीच टक्कर हो जाने से कार सवार दो लोग घायल हो गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। हादसा कार चालक की गलती से हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, हादसे की जांच चल रही है।
जानकारी के अनुसार हरियाणा नंबर की कार (एचआर20एस-3337) में सवार होकर दो युवक मनाली की ओर घूमने जा रहे थे लेकिन जैसे ही वह स्वारघाट से कुछ आगे बनेड़ के पास पहुंचे तो कार चालक ने एक मोड़ पर ओवर टेक करना चाहा लेकिन वह सामने से आ रहे ट्रक को नहीं देख पाया जिससे कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में कार सवार दोनों युवकों को चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस को फोन कर घटना की सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस में दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है।
108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी राहुल वर्मा ने बताया कि घायलों की पहचान संदीप (35) पुत्र दुगरमल, गांव दौलतपुर, हरियाणा, मयंक (30) पुत्र नीरज हरबंस गली हनसर, हरियाणा का रहने वाला है। दोनों को पहले जिला अस्पताल उपचार के लिए लाया गया है जहां पर डॉक्टरों ने दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एसएसपी बिलासपुर अशोक कुमार का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।