स्वाहण (बिलासपुर)।
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर कैंची मोड़ में गरामोड़ा टोल बैरियर के पास मंगलवार देर रात ट्रक सड़क से लुढ़क गया। हादसा फोरलेन कंपनी की लापरवाही से हुआ है। गनीमत रही कि हादसा रात को हुआ। अगर हादसा दिन में होता तो अनहोनी हो सकती थी। हादसे में ट्रक चालक को हलकी चोटें आई हैं।
कैंची मोड़ के समीप गरामोड़ा टोल बैरियर के सामने मंगलवार देर रात ट्रक फोरलेन का काम कर रही कंपनी की लापरवाही की वजह से सड़क से लुढ़क गया। टोल बैरियर के सामने फोरलेन कंपनी ने सड़क को किनारे करीब 10 फीट गहराई तक खुदाई की हुई है। एक तरफ टोल बैरियर है और दूसरी तरफ 10 फीट सड़क खोदी गई है। इससे सड़क ने खाई का रूप धारण कर लिया है। आए दिन यहां हादसे होते रहते हैं। सड़क को खोदे करीब एक साल से ज्यादा का वक्त हो गया है।
फोरलेन कंपनी न तो इस खोदी सड़क को भर रही है और ना ही कोई उस पर कोई काम कर रही है। कंपनी ने इस जगह पर ना तो कोई बेरीकेट्स लगाए हैं और ना ही चेतावनी बोर्ड ही हैं। इससे चालक सतर्क नहीं हो पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं। खैरियत रही कि हादसा होने के बाद कोई जाने नुकसान नहीं हुआ और चालक को हल्की चोट ही आईं।
जहां से सड़क की खुदाई हुई है उसी लेवल से नई सड़क बनाई जानी है। काम में कुछ देरी हुई है। कुछ समय के लिए फोरलेन का काम बंद हुआ था, लेकिन अब जल्द ही उस काम को पूरा कर दिया जाएगा।
नरेश कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर फोरलेन कंपनी।